फतेहपुर, शमशाद खान । सत्ता संभालने के बाद लगातार एक्शन मे दिख रहे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की अक्रामकता का असर जनपद मे भी बाखूबी नजर आया। सीएम की सोंच का अनुपालन करने के लिए जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने आज यहां सभी विभागाध्यक्षों को सीएम की आशाओं से जहां रूबरू करवाया वहीं स्वच्छता को लेकर लगातार कड़े कदम उठा रहे मुख्यमंत्री का डर भी आला अधिकारियों के चेहरे पर साफ नजर आया। कलेक्ट्रेट सहित सभी विभागांे के दफ्तरों मे जहां पान-मसालें के सेवन पर पूर्णतः रोक लगा दी गयी वहीं इसके लिए उपजिलाधिकारी के नेतृत्व मे एक टीम भी गठित की गयी है जो पान-गुटखा खाकर कलेक्ट्रेट आने वालों से 200 रूपये का जुर्माना वसूल करेगी। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार मे पत्रकारों को अवगत कराते हुए बताया कि शहर की बुनियादी समस्याओं से निपटने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया गया है जिस पर अमल भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर मे ट्रैफिक जाम की दिक्कत को देखते हुए अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है तथा अभियान के बाद पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही शहर के प्रमुख रास्तों को वनवे करने पर भी विचार किया जा रहा है जिससे ट्रैफिक व्यवस्था मे सुधार किया जा सके। बताया कि 6 अप्रैल से जनपद के प्रत्येक गांव मे खुली बैठक का आयोजन कर पात्र खोजे जायेगें तथा पात्रता के अनुसार ही आवास तथा शौचालय का वितरण किया जायेगा। शासन की मंशा को साफ करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस काम मे किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दास्त नहीं किया जायेगा। बताया कि विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत हर गांव से पांच लोगों को मैकेनिकल ट्रेनिंग दी जायेगी ताकि आवास बनने के समय पर काम करने के लिए आदमी मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन स्कूल कालेजों मे नकल हो रही है उन्हें डिबार घोषित किया जायेगा तथा अभी तक 6 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि गोकशी को लेकर सरकार की मंशा एकदम साफ है तथा ऐसे जघन्य अपराधों मे लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि शहर के साथ ग्रामीण आंचलों से भी गौ तस्करी व गौकशी की शिकायतें मिली हैं। कहा कि आज ही हथगांम थाने मे गोकशी के खिलाफ कार्यवाही हुयी है। रोमियो स्कवड पर बोलते हुए एसपी ने कहा कि बेवजह किसी को भी परेशान नहीं किया जायेगा लेकिन यदि कोई आवारागर्दी या छेड़खानी करता है तो उसके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि डायल 100 उन रूटों पर चलेगी जहां लड़कियों के स्कूल कालेज व कोंचिंग हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जो विवेचनायें चुनाव की वजह से लम्बित थी वह शीघ्र ही पूरी कर ली जायेगी। पुलिस कप्तान ने बताया कि खखरेरू थानाक्षेत्र से अवैध खनन की शिकायत मिली है और यदि इस काम मे कोई भी पुलिस अधिकारी शामिल है तो उसको कार्यवाही की जद मे लिया जायेगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी आलोक सिंह, उपजिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर समर बहादुर सहित विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment