फतेहपुर,शमशाद खान। जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों पर भगवा गुलाल जमकर उड़ा यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने अपने करीबी प्रत्याशियो को भारी अन्तर से पटकनी देते हुए सभी छह विधानसभा सीटों पर अपना परचम लहराया। भाजपा की आंधी के आगे सपा-कांग्रेस गठबंधन जहां संघर्ष करता हुआ दिखा तो वहीं ज्यादातर सीटों पर बसपा अपनी जमानत बचाने मे जुटी दिखायी दी। बताते चले कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के बाद से पहली बार जनपद की सभी सीटें बीजेपी के खाते मे आयी हैं। जनपद की अयाहशाह से पूर्वमंत्री राधेश्याम गुप्ता के पुत्र गोपाल गुप्ता ने सपा के अयोध्या प्रसाद पाल को जहां बावन हजार से अधिक से पटकनी दी वहीं सदर सीट से वर्तमान विधायक ने चेयरमैन व गठबन्धन प्रत्याशी चन्द्र प्रकाश लोधी को साढ़े इकत्तिस हजार। खागा से भाजपा की कृष्णा ने ओम प्रकाश गिहार को साढ़े पचपन हजार से, जहानाबाद से अपना दल गठबन्धन प्रत्याशी जय कुमार जैकी ने वर्तमान विधायक मदन गोपाल वर्मा को सैतालिस हजार छह सौ निन्यानबे से व हुसेनगंज से बीजेपी प्रत्याशी रणवेन्द्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह ने कांग्रेस सपा गठबन्धन की ऊषा मौर्या को साढ़े अठारह हजार के मतों से धूल चटा दी।
अपने तय समय से शुरू हुयी मतगणना मे शुरूआत से ही भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बनाना शुरू कर दी थी तथा अन्त तक पहुंचते-पहुंचते सभी सीटों पर अपना जलवा दिखाते हुए सारी सीटें भाजपा की झोली मे डाल दी। जानकारों की माने तो ऐसा ही कुछ करिश्मा पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 वीपी सिंह के समय मे भी हुआ था जब जनपद की सभी सीटों पर जनता दल का चक्र घूमा था। भाजपा प्रत्याशियों ने पहले राउण्ड से जो बढ़त अपने विरोधियों पर बनायी थी वह चक्र दर चक्र बढ़ती चली गयी तथा अपनी हार को मानते हुए मतगणना समाप्त होने के पहले ही विरोधियों ने मतगणना स्थल को छोड़ दिया था। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेयी ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि असल मे प्रधानमंत्री की ही जीत है और उनकी यह मेहनत मतगणना के पूर्व मे ही मीडिया के जरिए दिखने लगी थी। बताते चले कि आज हुयी मतगणना मे जहानाबाद विधानसभा मे जहां अपना दल भाजपा गठबन्धन प्रत्याशी जय कुमार जैकी को 81385 मत प्राप्त हुए तो वहीं सपा कांगे्रस गठबन्धन प्रत्याशी मदन गोपाल वर्मा को 33716 तथा बीएसपी के राम नारायण निषाद को 31942 मत प्राप्त हुए इस सीट से जैकी 47669 मतों से विजयी रहे। हुसेनगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भईया को जहां 73542 मत मिले तो वहीं कांग्रेस की ऊषा मौर्या को 54845 तथा बसपा को 34366 से ही संतोष करना पड़ा। मतों के अन्तर के हिसाब से धुन्नी सिंह 18697 मतो से विजयी रहे। बिन्दकी विधानसभा पर भाजपा के करण सिंह पटेल ने सपा के रामेश्वर दयाल गुप्ता को 55478 मतों से मात दी। श्री पटेल को 97096 मत मिले तो वहीं सपा को 41618 मतो से ही संतोष करना पड़ा। सदर विधानसभा सीट पर वर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी ने अपना जलवा बरकरार रखते हुए चेयरमैन चन्द्र प्रकाश लोधी को 31546 मतो से पराजित किया। विक्रम सिंह को जहां 89279 मत मिले तो वहीं श्री लोधी को 57733 तथा बसपा के समीर त्रिवेदी की झोली मे 33474 मत ही गिरे। इसी तरह अयाह शाह मे भी भगवा गुलाल जमकर उड़ा जहां भाजपा प्रत्याशी विकास गुप्ता ने पूर्वमंत्री अयोध्या पाल को 52030 मतों से पटकनी दी। यहां भाजपा को 81123, सपा को 29093 तथा बसपा के तेज बहादुर को 27294 मत ही मिल सके। खागा विधानसभा मे विजय श्री को बरकरार रखते हुए विधायक कृष्णा पासवान ने कांग्रेस के ओम प्रकाश गिहार को 55699 मतों से पराजित किया। यहां भाजपा को 94092, कांग्रेस 38393 तथा बसपा के सुनील गौतम को 30310 मत मिले।

No comments:
Post a Comment