Latest News

Saturday, 25 March 2017

गणेश शंकर विद्यार्थी की पुण्य तिथि पर पत्रकारो ने दी श्रद्धांजलि

फतेहपुर, शमशाद खान । पत्रकार पुरोधा अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया गया। बलिदान दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए सदर विधायक विक्रम सिंह ने विद्यार्थी स्मारक का जीर्णोद्धार कराने के साथ ही पत्रकार भवन बनवाने का भी आश्वासन दिया। 
जिला पत्रकार संघ (रजि0) के अध्यक्ष शैलेन्द्र शरन सिम्पल के नेतृत्व में विद्यार्थी स्मारक में गणेश शंकर विद्यार्थी जी का बलिदान दिवस कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक विक्रम सिंह ने शिरकत की और विद्यार्थी जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जी ने क्रान्तिकारी पत्रकारिता से स्वाधीनता आन्दोलन को गति देने का काम किया था और जो लिखा उसके लिए संघर्ष किया। प्रताप के माध्यम से भारतियों की मुक्ति का पक्ष लिया। देश भक्ति में अपने प्राणों की कुर्बानी देकर अमर हो गये। उन्होने विद्यार्थी स्मारक की जर्जर हालत को देखते हुए उसका जीर्णोद्धार कराने तथा जिले में पत्रकार भवन बनवाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर पत्रकार व छायाकार बन्धुओं ने सदर विधायक का आभार जताया। 
संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र शरन सिम्पल ने कहा कि विद्यार्थी जी हमारे लिए ऐसे आदर्श है। जिनसे हमें सच्ची पत्रकारिता करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होने कहा कि विद्यार्थी जी के विचार थे कि इन्सान अपने जीवन में सदैव कुछ न कुछ सीखता रहता है। इसीलिए उन्होंने अपने नाम के आगे विद्यार्थी लिखा। व्यक्ति कुछ सीख लेता है तो उसे अपने ऊपर गुरूर होने लगता है। यही व्यक्ति के पतन का कारण होता है। हमें विद्यार्थी जी के आदर्शो पर चलना चाहिए, तभी हमारी पत्रकारिता सार्थक होगी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि चेतन सिंह, जनमेजय सिंह, मो0 मकसूद शीबू, कुलदीप द्विवेदी, पूर्व बार एशोसिएशन प्रेम शंकर त्रिवेदी, अब्दुल बारी खान, निर्मल यादव, लक्ष्मी नारायण शुक्ला, मनोज पाण्डेय, अमिताभ शरन, सत्य प्रकाश आजाद, धीरू श्रीवास्तव, आरबी चतुर्वेदी, मुकेश कुमार, शाहिद अली, अरूण कुमार, सुनील मौर्या, संजय सिंह व सुरेन्द्र पाठक आदि पत्रकार एवं छायाकार बन्धु मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Advertisement

Created By :- KT Vision

Uttar Pradesh News

National News