फतेहपुर, शमशाद खान। उत्तरी आबूनगर नयी बस्ती में विद्युत विभाग द्वारा कनेक्शन तो धड़ल्ले से बांटे गये हैं। परन्तु पोल नहीं लगाये गये हैं। जिससे कनेक्शन धारक बल्ली के सहारे विद्युत तारों को खींचकर घर तक ले गये हैं। यह तार जमीन चूमने को बेताब हैं। लेकिन विभाग के कानों में जू नहीं रेंग रही है। मोहल्ले वासियों का कहना है कि विभाग तभी चेतता है जब कोई अनहोनी हो जाती है।
विद्युत विभाग की शिथिलता शहर के कई मोहल्लों में देखी जा सकती है। विभाग द्वारा नये कनेक्शन बांटने और बिजली का बिल वसूलने में जो सक्रियता दिखाई जाती है वह जिम्मेदारी निभाने में नहीं दिखायी जाती। इस हकीकत को शहर की नयी आबादी में बल्ली के सहारे खिंची लाइन बयान कर रहीं है। यह हालत किसी एक-दो मोहल्लों की नहीं है बल्कि कई की है। जैसे उत्तरी आबूनगर नयी बस्ती, उत्तरी खेलदार, खलीलनगर, शान्तिनगर, पक्कातालाब व बाकरगंज आदि इलाकों में बसी नयी आबादी के बीच बल्लियों के सहारे विद्युत तारों को झूलते देख सकते हैं। जो जमीन चूमने को बेताब रहते हैं। कभी भी किसी अनहोनी का अन्देशा बना रहता है। जिससे इलाके के लोगों में रोष व्याप्त है। किन्तु विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को इससे कोई वास्ता नहीं है।

No comments:
Post a Comment