फतेहपुर, शमशाद खान । जनपद मे आज दलित रोहित बेमुला काण्ड को फिर से हवा देते हुए बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर पिछड़ों, अल्पसंख्यकों तथा अति पिछड़ों की उपेक्षा का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश की चरमराई कानून व्यवस्था को मात्र चैदह दिन के अन्दर पटरी पर लाने की बात करते हैं लेकिन वह दिल्ली मे लगातार बढ़ रहे क्राइम ग्राफ को रोकने मे पूरी तरह से असफल हैं। महीनों से दबे रोहित बेमुला काण्ड को चुनावी हवा देते हुए बहन जी ने जहां एक ओर अपने बेस वोट को एकजुट करने का प्रयास किया तो वहीं अल्पसंख्यकों को रिझाने के लिए कई तरह की घोषणायें कर डाली।
जनपद की छह तथा कौशाम्बी की तीन विधानसभाओं के प्रत्याशियों के पक्ष मे चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने पहुंची मायावती ने कांग्रेस तथा सपा गठबन्धन को आड़े हांथों लिया। मौजूदा प्रदेश सरकार पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए बसपा सुप्रीमों ने कहा कि यह सरकार कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त रखने मे पूरी तरह से नाकामियाब साबित हुयी है। उन्होंने वादा किया कि यदि प्रदेश मे बसपा की सरकार बनती है तो कानून व्यवस्था को चुस्त करने के लिए हर सम्भव कदम उठाये जायेगें। मायावती ने कहा कि आज एक ओर जहां भू-माफियाआंे का बोलबाला है तो वहीं सपा के कार्यकर्ता व उससे समर्थित लोग गरीबों की जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं जिनकों सरकार बनते ही उनकी असली जगह यानी जेल भेज दिया जायेगा। बहन जी ने कहा कि विकास के नाम पर प्रदेश की जनता से सिर्फ छलावा हुआ है तथा वहीं योजनायें समाजवादी सरकार ने आगे बढ़ायी हैं जिनकी या तो शुरूआत या फिर घोषणा पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने कर दी थी। उन्होंने कहा कि अपने आपको मुसलमानों की हितैशी बताने वाली समाजवादी पार्टी अस्ल मे कितनी हिमायती है यह उसने टिकट के बंटवारे मे ही दिखा दिया। बहन जी यहीं नहीं रूकी सपा के साथ-साथ कांगे्रस पर भी तीखे हमले करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 54 वर्षों से देश मे तथा 32 वर्ष प्रदेश मे राज्य करने के बाद कांग्रेस ने कितना भला किया यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सपा से गठबंधन करके भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाया है ताकि अल्पसंख्यक मत भी भाजपा के पाले मे जा गिरे।
केन्द्र की सत्तामुख सरकार को अमीरों व धन्नासेठों की सरकार बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अभी तक कालेधन का हिसाब देने मे पूरी तरह से विफल रही है जबकि पूरा देश महीनों लाइन मे खड़ा रहा। अपील करते हुए बसपा सुप्रीमों ने कहा कि यह सही वक्त है जब हम भाजपा की गलत नीतियों का मुंहतोड़ जवाब दे सके। बसपा सुप्रीमों ने समाजवादी पार्टी की अन्तर कलह पर चुटकी लेते हुए कहा कि हमेशा परिवादवाद की राजनीति करने वाली सपा अपने ही परिवार को एकजुट करने मे विफल साबित हुयी है। शिवपाल यादव से हमदर्दी जताते हुए उन्होंने कहा कि सपा मुखिया की मौजूदगी मे बार-बार शिवपाल को बेईज्जत होना पड़ा जिसका असर आगामी विधानसभा चुनाव मे दिखाई देगा। मायावती ने आशंका जतायी कि चुनाव मे दोनों गुट (शिवपाल व अखिलेश) एक दूसरे को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अपने लगभग पचास मिनट के सम्बोधन के दौरान बसपा मुखिया अल्पसंख्यकों को रिझाती नजर आयीं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सच्चर कमेटी की सिफारिसों को लागू न करने के साथ-साथ केन्द्र की सरकार ने मुसलमानों के हित मे कोई काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने मुसलमानों की काफी अनदेखी की है जिससे अल्पसंख्यक वर्ग नाखुश है। तीन तलाक के मुद्दों को बोगस करार देते हुए उन्होंने कहा कि यह मुसलमानों का आन्तरित मामला है तथा इस पर राजनीत शोभा नहीं देती। अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि 2017 के लक्ष्य मे वह कामयाब होती हैं तो गरीब परिवारों को न सिर्फ जमीनांे के पट्टे दिये जायेगें बल्कि लैपटाॅप व स्मार्टफोन की जगह उन्हें आर्थिक सहायता दी जायेगी ताकि वह अपनी जरूरत की चीजों पर ध्यान दे सकें। कहा कि आने वाले समय मे यदि सरकार बनती है तो माध्यान भोजन (मिड-डे-मील) मे भी बदलाव किया जायेगा तथा पके हुए भोजन की जगह फल, दूध आदि दिये जायेगें जिसकी गुणवत्ता की जाॅच समय-समय पर की जायेगी।
अपने पुराने कार्यकाल की याद दिलाते हुए मायावती ने कहा कि जिस तरह पूर्व मे उनकी सरकार के दौरान अपराधियों को जेल की सलाखों मे रखा गया था वैसे ही इस बार लक्ष्य कुछ इस तरह का ही बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान सपा कार्यकर्ता की गुण्डागर्दी के चलते जिन गरीब लोगों की थानों मे सुनवाई नहीं की गयी है उसके लिए अलग से विभाग बनाया जायेगा तथा प्राथमिकता के आधार पर ऐसी शिकायतों को दर्जकर अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कडी कार्यवाही की जायेगी। जनसभा के दौरान राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज, जिलाध्यक्ष सीताराम गौतम, जोनल कोआर्डिनेटर राजू गौतम सहित सदर प्रत्याशी समीर त्रिवेदी, अयाह शाह प्रत्याशी तेज बहादुर, हुसेनगंज से मो0 आसिफ, बिन्दकी प्रत्याशी सुखदेव वर्मा, जहानाबाद रामनारायण निषाद, खागा प्रत्याशी सुनील गौतम, शब्बीर खाॅ, मजहर सलमान, वासु रिजवी सहित सैकड़ों की तादाद मे बसपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment