फतेहपुर, शमशाद खान । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां कहा कि यदि उत्तर प्रदेश मे भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्तासीन होती है तो प्रदेश के छोटे किसानों का कर्ज माफ कर दिया जायेगा। उन्होंने वादा किया कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक मे कर्ज माफी के बावत निर्णय ले लिया जायेगा। कहा कि प्रदेश के किसानों की बेहतरी के लिए भाजपा हमेशा प्रयासरत रही है तथा उनकी सरकार ने ही यूरिया व डीएपी की कालाबाजारी रोकने के साथ-साथ किसानों को फसलों का उचित दाम देने का काम किया है।
जनपद मे चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने वादा किया कि यदि प्रदेश मे बीजेपी सरकार बनाती है तो गन्ना किसानों का बकाया भुगतान मात्र 14 दिनों के अन्दर कर दिया जायेगा। प्रधानमंत्री ने अपने एक घंटे के सम्बोधन के दौरान अपने आपको किसानों का हितैशी बताते हुए कई वादें किये। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने प्रदेश की सत्तारूढ़ सपा सरकार की कानून व्यवस्था को लेकर जमकर धज्जियां उड़ायी। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे जब सपा सरकार के मंत्री ही बलात्कार जैसे घिनौने अपराध मे लिप्त है तो ऐसी सरकार से सुरक्षा की उपेक्षा करना बेईमानी सी लगती है। बांदा तथा फतेहपुर के प्रत्याशियों के पक्ष मे आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था तथा किसानों की बेहतरी के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही।

No comments:
Post a Comment