Latest News

Sunday, 19 February 2017

गरीबों के न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट को करना पड़ता है यूपी मे हस्ताक्षेप- मोदी

फतेहपुर, शमशाद खान । जनपद की छह तथा बांदा की विधानसभा प्रत्याशियों के पक्ष मे जनसभा को सम्बोधित करने आये देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सपा सरकार की जमकर बखिया उधेड़ी। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लचर करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रदेश की मंत्रियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए उच्चतम न्यायालय को हस्ताक्षेप करना पड़े वहां की कानून व्यवस्था के हाल क्या होगें यह सोंचना भी मुमकिन नहीं है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्री गायत्री प्रजापति मामले पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि सपा ने हमेशा ही गुण्डों तथा माफियाओं को प्रोत्साहित किया है जिसके चलते आज यहां के पुलिस थाने सपा पार्टी कार्यालयों मे तब्दील हो चुके हैं। आरोप लगाया कि आम जनमानस की सुनवाई तो नहीं की जाती है जबकि इसके उलट अगर कोई पीड़ित व्यक्ति थानों मे अपनी शिकायत लेकर पहुंचता है तो सपा के गुण्डे उसको डराने धमकाने का काम करते हैं। ज्ञात हो कि परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति सहित छह लोगों के खिलाफ सर्वोच्च अदालत के हस्ताक्षेप के बाद लखनऊ के गौतम पल्ली थाने मे शुक्रवार को गैंगरेप व यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री ने सपा के चुनाव अभियान की शुरूआत पर चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने माफियाओं के गढ़ से अपने चुनाव अभियान की शुरूआत कर पहले ही बता दिया था कि यदि सपा सरकार बनाती है तो गुण्डों व माफियाओं को पूरा संरक्षण दिया जायेगा। प्रधानमंत्री इतने मे ही नहीं रूके बल्कि उन्होंने कहा कि प्रदेश के मौजूदा कानून व्यवस्था के चलते ही प्रदेश मे निवेश नहीं आ रहा है तथा सूबे के लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर सरकारी खजाने का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इसे अपने प्रचार मे खर्च कर रही है जिसको जनता बाखूबी समझ चुकी है।  
प्रधानमंत्री ने मौजूदा सपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मे पात्रों की जगह अपात्रों को नौकरियां दी जा रही हैं जिसके एवज मे भ्रष्टाचार मे डूबे मंत्री मोटी रकम ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक क्षेत्र है जहां सपा विकास कराती है और उसी विकास को लेकर मुख्यमंत्री काम बोलता है के गीत गा रहे हैं। कहा कि मौजूदा सरकार ने न तो गरीब खुश है और न ही मध्यम वर्गीय जबकि सरकार बनाते वक्त सपा मुखिया मुलायम सिंह ने सबके विकास की बात करते हुए सत्ता अपने पुत्र को सौंपी थी। आरोप लगाया कि देश मे 70 साल हुकूमत करने के बाद देशवासियों का खून कांगे्रस चूस चुकी है तथा अब उत्तर प्रदेश मे अपने कारनामों को दोहराने के लिए उसने अपनी ही जैसी सपा से गठबंधन कर साबित कर दिया है कि कांग्रेस कभी देश का भला नहीं चाह सकती है। मजाकिया लहजे मे प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े अफसोस की बात है कि कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी 2014 के आम चुनाओं मे गैस सिलेण्डर की तादाद बढ़ाने के नाम पर वोट मांग रही थी। मौजूदा जनसैलाब से पूंछा कि क्या विकास के मुद्दे खत्म हो गये थे जो कांग्रेस सिलेण्डर की राजनीति पर उतर आयी। अपने चित परिचित अंदाज मे प्रधानमंत्री ने जनता से कई सवाल पूंछे जिसका उन्हें हां मे जवाब मिला। सपा कांग्रेस गठबंधन पर चुटकी लेेते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियां अपनी हार की कगार पर खड़ी है और इसका ताजा उदाहरण आज दूसरे चरण की वोटिंग के बाद अखिलेश यादव के उस वक्तव्य से लगाया जा सकता है जिसमे उन्होंने गठबंधन को सबसे बड़ी पार्टी उभरकर आने की बात कही। कांग्रेस उपाध्यक्ष पर अपने चिर परिचित अंदाज मे हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 27 साल यूपी बेहाल के नारे के साथ प्रदेश मे अपना चुनावी शंखनाथ करने वाली कांग्रेस ने आखिर मे उनसे ही गठबंधन कर लिया है जो इस बेहाली के जिम्मेदार हैं।  
अपने विकास कार्यों का बखान करते हुए श्री मोदी ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों के चलते देश के किसानों को पचास हजार करोड़ से अधिक का मुनाफा हुआ है अपने चुनावी वादें को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश मे भाजपा सरकार बनते ही किसानों के छोटे कर्जों को 14 दिन के अन्दर माफ कर दिया जायेगा तथा पहली कैबिनेट बैठक मे वह इस बावत निर्णय लेगें। भाजपा को किसान हितैशी बताते हुए प्रधानमंत्री ने दावा किया कि देश मे यूपी मे यूरिया तथा डीएपी की कालाबाजारी पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी है जिसके चलते किसानों को खाद आराम मे उपलब्ध हो पा रही है। गैस सब्सिडी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने भावात्मक तरीके से मौजूदा भीड़ से सीधे जुड़ते हुए कहा कि एक वक्त था जब उनकी माॅ चूल्हे पर खाना बनाती थी और मांओं की इस पीड़ा को वह बखूबी जानते थे जिसके चलते उन्होंने सम्पन्न परिवारो से गैस सब्सिडी छोड़ने की अपील की। प्रधानमंत्री ने दावा किया उनकी अपील पर देश के कई लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी है। प्रधानमंत्री ने बताया कि 5 करोड़ गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन देने का वादा उन्होंने किया था और अब तक लगभग पौने दो करोड़ लोगों को यह लाभ मिल चुका है। ऊर्जा क्षेत्र मे किये गये कार्य को लेकर उन्होंने कहा कि जो एलईडी बल्ब तीन व चार सौ रूपये मे बिकता था अब उनके प्रयास के चलते 70 से 80 रूपये मे बिक रहा है तथा देश मे अब तक पाॅच करोड़ से अधिक एलईडी बल्बों की खरीदारी हो चुकी है। उन्होंने अपने इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन एलईडी बल्बों के चलते देश की जनता को लगभग 11 हजार करोड़ रूपये का फायदा पहुंचा है। प्रधानमंत्री के विकास कार्यों का उल्लेख यही नहीं रूका उन्होेंने कैंसर जैसी दवाओं को सस्ती करने का श्रेय लेते हुए कहा कि जो दवा तीन हजार रूपये मे बिकती थी अब वह 60-70 रूपये मे मिलती है जिसकी वजह से दवाओं का काला कारोबार करने वाले उनके दुश्मन हो गये हैं। 
फतेहपुर की सरजमीं को ऐतिहासिक व पौराणिक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह धरती भृगु ऋषि के साथ-साथ सिक्खों के पाॅचवे गुरू अर्जुन देव जी की तपोभूमि भी रही है। फतेहपुर से अपना सीधा जुड़ाव बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी सोहनलाल द्विवेदी की कवितायें तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की कथायें सुनकर उनका बचपन बीता है तथा आज भी वह उनके पद चिन्हों पर चलते हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले व दूसरे चरण के चुनाव से जो सर्वेक्षण मिल रहे हैं उसके हिसाब से भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बना रही है और इसी के चलते सपा-कांग्रेस गठबंधन मे हलचल मची हुयी है। 
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यदि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो सूबे मे नौकरियों के भरपूर अवसर दिये जायेगें तथा प्रदेश की जनता के पलायन को रोकने के लिए हर सम्भव कोशिश की जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, वंचितों तथा शोषित लोगों के लिए होती हैं लेकिन प्रदेश के सरकार ने इसी वर्ग को अपमानित व शोषित करने का काम किया है। भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनते ही उन सभी लोगों पर कार्यवाही होगी जिन्होंने गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रखा है या फिर उन्हें शोषित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने वादा किया कि यदि प्रदेश मे भाजपा सरकार बनाती है तो कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त किया जायेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भेदभाव के बिना सम्पूर्ण प्रदेश का विकास भाजपा करेगी। चुनावी जनसभा के दौरान केन्द्रीय खाद्य संस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, कानपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, रैली प्रभारी पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेयी, सदर प्रत्याशी विक्रम सिंह, खागा कृष्णा पासवान, हुसेनगंज रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, अयाह शाह विकास गुप्ता, बिन्दकी करण सिंह पटेल, जहानाबाद गठबंधन अपना दल प्रत्याशी जय कुमार सिंह जैकी रहे। 

No comments:

Post a Comment

Advertisement

Created By :- KT Vision

Uttar Pradesh News

National News